पूर्व कांग्रेस नेता आकिल अहमद व बार काउंसिल की पूर्व चेयरमैन रजिया बेग ने प्रदेश में एक के बाद एक सामने आ रहे भर्ती घोटालों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश बनने के बाद से लेकर अभी तक हर सरकार में नेताओं ने भ्रष्टाचार करके अपने चहेतों को नौकरी दिलाने का काम किया है। उन्होंने हाल के दिनों में सामने आ रहे घोटालों व नौकरियों के पेपर लीक मामलों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
विकासनगर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में आकिल अहमद व रजिया बेग ने कहा कि प्रदेश के निर्माण के समय से ही भर्तियों में कराए जाने वाले भ्रष्टाचार की खबरें समाचार पत्रों की सुर्खियां बनती रही हैं। यह भी सच है कि इस प्रकार के मामलों में आज तक किसी भी आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। दरोगा भर्ती घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला, यूपीसीएल की परीक्षा का रद्द होना, ग्राम विकास अधिकारी भर्ती में घपला जैसे गंभीर मामले सामने आते रहे, जिनमें से कुछ की जांच भी शुरू की गई लेकिन जांच का नतीजा आज तक सामने नहीं आ पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता हासिल करने वाली सरकारों ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है। सरकार को युवाओं के भरोसे को कायम रखने के लिए भर्ती घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप देनी चाहिए। इस अवसर पर शोएब, राजू तोमर, जगदीश शर्मा, मेहताब खान, महफूज, हरिदर्शन शर्मा आदि मौजूद थे।