महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने एक बयान में कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा की सरकार में प्रदेश की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
कांग्रेस ने महिला नेता से दुराचार के आरोपी भाजपा के हरिद्वार जिले से विधायक सुरेश राठौर की गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग की है।
विज्ञापन
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने एक बयान में कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा की सरकार में प्रदेश की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। भाजपा के राज में महिला शक्ति का लगातार अपमान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भाजपा के तत्कालीन प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कुमार पर भी इसी प्रकार के आरोप लगे थे, लेकिन इसके बावजूद राज्य सरकार के दबाव में संजय कुमार के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इसी तरह एक अन्य विधायक महेश नेगी पर भी महिला द्वारा शारीरिक शोषण के आरोप लगाए गए थे।
विज्ञापन
लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा के विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की खबरों ने समाज में राजनीति कर रही महिलाओं की छवि को धूमिल करने का काम किया है। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता दीप वोहरा ने भी भाजपा विधायक पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच, गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग की है।
वोहरा ने कहा कि भाजपा नेताओं पर लगातार लग रहे इस तरह के आरोपों ने भाजपा की चाल और चेहरा जगजाहिर कर दिया है। वोहरा ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही आरोपी भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। मा.सि.रि.