महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण पर दिल्ली में होगा मंथन सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंत्री रेखा आर्या ने की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। नई दिल्ली में आठ और नौ अक्तूबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, राज्य की भागीदारी और उत्तराखंड के महिला एवं बाल विकास क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के प्रस्तुतीकरण को लेकर बिंदुवार चर्चा की।
मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में उत्तराखंड की ओर से महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में महिला सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, आंगनवाड़ी व्यवस्था, पोषण और बाल संरक्षण जैसे विषयों पर व्यापक मंथन होगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में विभिन्न राज्यों द्वारा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और उनके अनुभवों को साझा किया जाएगा। इससे राज्यों को एक-दूसरे की बेहतर कार्यप्रणालियों से सीखने एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के नए तरीके अपनाने का अवसर मिलेगा।
रेखा आर्या ने कहा, सम्मेलन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए अपने कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर रखने के साथ ही अन्य राज्यों की योजनाओं और नवाचारों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे उत्तराखंड में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि सम्मेलन के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के सुझाव राज्यों के लिए प्रेरणादायी होंगे और महिला एवं बाल विकास से जुड़े प्रयासों को नई दिशा देने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशीलाल राणा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।