शिकायत पर दिल्ली विजलेंस के इंस्पेक्टर मानवेंद्र राणा की टीम क्षेत्र में नजर रख रही थी। सोमवार को पता चला कि क्षेत्र में नकली दवाएं बनाई जा रही हैं। भगवानपुर पुलिस को साथ लेकर टीम ने भाजपा नेता के भाई के घेर में छापा मारा तो दवा बनाने वाली तीन मशीनें मिलीं।
इतना ही नहीं घेर में एक गोदाम से बड़ी संख्या में नामी कंपनियों की दवाएं, रैपर और लेबल भी बरामद हुए। उन्होंने बताया कि लेबल और रैपर पर एलकेएम, टोरेंट और सिप्ला समेत अन्य कंपनियों के नाम लिखे हुए थे।
उन्होंने बताया कि गोदाम से नामी कंपनियों के नाम से बनी विटामिन और कैल्सियम टैबलेट बरामद हुईं। इसके अलावा भगवानपुर क्षेत्र के रायपुर से भी एक मकान से दवा बनाने वाली मशीन मिली है।
पता किया जा रहा है कि यह मशीन किसकी है। उन्होंने बताया कि सभी दवाओं और मशीनों को सील कर भगवानपुर थाने में रखवा दिया गया है। दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही मामले में पुलिस को तहरीर भी दी जा रही है।
मौके पर फूड प्रोडक्ट का लाइसेंस मिला, जो एक्सपायर हो चुका है। इस लाइसेंस पर ये लोग दवा नहीं बना सकते हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
-मानवेंद्र राणा, विजिलेंस इंस्पेक्टर