देहरादून। उत्तरांचल मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में मंगलवार को दिल्ली की एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा ने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। अलबत्ता अपनी निजी जिंदगी का पूरा जिक्र किया है।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के जीएमएस रोड स्थित उत्तरांचल मेडिकल कॉलेज में बीएमएस तृतीय वर्ष की छात्रा प्रिया रावत (21) का शव मंगलवार दोपहर छात्रावास के कमरे में लटका मिला। छात्रा की खुदकुशी की खबर से छात्रावास में अफरातफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मोर्चरी में रखवा दिया है। कमरे की तलाशी में पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट कई पेज का है। इसमें छात्रा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी कई बातें लिखी हैं। एक युवक को पसंद करने का भी जिक्र है। पत्र के अनुसार वह माता-पिता के अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई है। इसके अलावा पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पाने और खुदकुशी के लिए किसी को जिम्मेदार ना मानने का जिक्र है। इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि छात्रा के परिजन देर रात दून पहुंच गए हैं। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।