कोरोना की मजबूरी, कन्याओं ने भोज से बनाई दूरी
- अष्टमी व नवमी पर लोगों ने श्रद्धाभाव से किया कन्या पूजन, कोरोना को लेकर भी लोग दिखे सजग
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। नवरात्र की अष्टमी व नवमी का कन्या पूजन शनिवार सुबह किया गया। लोगों ने श्रद्धाभाव से देवीस्वरूप कन्याओं को पूजा। मगर, कोरोना के चलते कन्याओं ने घरों में भोज कम ही किया। अभिभावकों की सजगता के साथ लोगों ने भी समझदारी दिखाते हुए दक्षिणा के साथ सूक्ष्म भोज या प्रसादस्वरूप फल ग्रहण कराया।
सुबह से कन्याओं को जिमाने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। श्रद्धालुओं ने मां सिद्धिदात्री की पूजा की, जिसके बाद कन्याओं को जिमाया गया। कन्याओं को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बिठाया गया। हाथों को भी सैनिटाइज कराया। श्रद्धालुओं ने मां से खुशहाली की कामना की। वहीं, अभिभावक अपने बच्चों को भोज ग्रहण कराने से परहेज कराते नजर आए। कई लोगों ने भी स्थिति को पहले से ही भांपते हुए सीमित भोजन बनाया। जबकि, कई ने भोजन के बजाय फल ग्रहण कराया।
-----------------
दुर्गा हवन व माता की चौकी का आयोजन:::
श्री मां कालिका मंदिर में सुबह मां कालिका का अभिषेक किया। आचार्य चंद्र प्रकाश ममगाईं ने यज्ञशाला में मां दुर्गा जा हवन किया, जिसके बाद आरती व प्रसाद वितरण हुआ। शाम को माता की चौकी में भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भाव-विभोर हुए। 'मेरा लिख सेवादारा विच नाम..', 'मेरी मां के जैसा कोई नहीं सुना है..' व कई भजन गाए। कन्याएं भी जिमाई गई। मंदिर समिति के मंत्री अशोक लांबा ने कहा कि रविवार को विजयदशमी पर श्री सिंदुरिया हनुमान मंदिर में चल रहे नवहन पाठ का भोग पड़ेगा व मां काली का अनपूर्णा में भंडारे का आयोजन होगा। इस दौरान समिति ट्रस्टी गगन सेठी, एलडी भाटिया, साहिब राम डोरा, रमेश साहनी, प्रधान नरेश मैनी, अशोक लांबा, नंद कुमार आनंद, सतीश मेहता, शशि तलवार व अन्य उपस्थित रहे। मां वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर महादेव में शारदीय नवरात्र पूजा अनुष्ठान में पूर्णाहुति दी गई। विशेष कन्या पूजन के साथ भक्तों को हरियाली बांटी गई। भंडारा भी हुआ। इस दौरान आचार्य विपिन जोशी, नीरज अग्रवाल, डीडी डालाकोटी, पंडित कमल जोशी, भरत जोशी, डॉ. नवीन सिंघल, कमला पंत, पवन साह मौजूद रहे।
गौरव