राजपुर रोड पर चलती कार से तमंचा लहराकर रौब झाड़ना तीन युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार की पहचान कर उसमें सवार तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में वीडियो में दिख रहा हथियार खिलौना पिस्टल निकला, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।
मामला कोतवाली डालनवाला क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्विफ्ट डिजायर कार में सवार एक युवक सड़क पर चलते हुए कार से बाहर पिस्टल लहराता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह हथियारनुमा वस्तु लहराने से लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनने की आशंका थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस को संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे
इसके बाद डालनवाला पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाया और कार सवार युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल असली तमंचा नहीं, बल्कि खिलौना थी। युवक इसे दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।
पुलिस के अनुसार, खिलौना पिस्टल होने के बावजूद सार्वजनिक सड़क पर उसे इस तरह लहराने से लोगों में भ्रम और भय की स्थिति पैदा हो सकती थी। पुलिस इस मामले में संबंधित युवकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवकों की पहचान शशांक कुमार और अक्षय कुमार निवासी डीएल रोड, डालनवाला और अर्पित गुप्ता निवासी सीमेंट रोड, डालनवाला के रूप में हुई है।
ये भी पढे़ं....अंकिता हत्याकांड: सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट के लिए दी सहमति, देहरादून कोर्ट पहुंचे, वायरल ऑडियो पर भी बोले
रील के चक्कर में न करें ऐसी हरकत
दून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर रील बनाने और प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।