बीते 12 मई को देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से एक लाख के ईनामी आरोपी यशराज सिंह को गिरफ्तार किया था। हालांकि मामले में अभी भी पांच आरोपी फरार हैं। इसी क्रम में 17 मई को डालनवाला पुलिस टीम झारखंड के जमशेदपुर पहुंची और अदालत से प्राप्त कुर्की वारंट के आधार पर फरार ईनामी आरोपी आकाश कुमार प्रसाद निवासी बजरंग टेकरी, बागबेड़ा, जुगसलाई, जिला सिंहभूम के घर की कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संपत्ति कुर्क की।
बढ़ सकता है ईनाम
विक्रम हत्याकांड के मामले में फरार पांच आरोपियों पर फिलहाल एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। दून पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न हुई तो इन पर इनाम बढ़ाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।