देहरादून कचहरी रोड़ स्थित उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यालय के बाहर खड़ी अध्यक्ष दिवाकर भट्ट की कार मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस उठवा ले गई। इस बात की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। हालांकि चालान के बाद ही कार छोड़ी गई।
यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट मंगलवार को कचहरी रोड़ स्थित कार्यालय में मीडिया से वार्ता कर रहे थे। उनकी कार कार्यालय के बाहर खड़ी थी। इसी बीच ट्रैफिक पुलिस भट्ट की कार को नो पार्किंग जोन में बताकर उठा ले गई। भट्ट की कार उठाने की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी शेखर सुयाल ने समझा-बुझाकर कार्यकर्ताओं को शांत कराया। सीओ के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता सड़क से हट गए। इसके बाद यूकेडी कार्यकर्ताओं को एसपी ट्रैफिक ऑफिस ले जाकर बातचीत की गई। वहीं पुलिस ने चालान प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार रिलीज कर दी।