नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई को रोचक बनाने के लिए सरकारी विद्यालयों में महीने के आखिरी शनिवार को छात्र बिना बस्ते के स्कूल पहुंचे। बैगलेस डे पर शिक्षक विद्यालयों में योग, व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां आदि से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन जीने की कला भी सिखा रहे हैं।
शनिवार को शहर के कई विद्यालयों में छात्र खेलकूद प्रतियोगिता, पेंटिंग, गायन आदि में अपना हाथ आजमाते दिखे। बंजारावाला के रामगढ़ स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में सुबह से ही माहौल खुशनुमा दिखा। छात्र अपनी-अपनी इच्छा के अनुसार खेल प्रतियोगिताओं के साथ अन्य प्रकार की गतिविधियों में हुनर दिखाते हुए नजर आए। बच्चों ने कहा, शनिवार का दिन महीने का सबसे बेहतरीन दिन होता है। पढ़ाई, कक्षा के माहौल से हटकर हम अपनी इच्छा अनुसार खेल गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं।
स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद सोलंकी और राजपुर रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रेमलता बौड़ाई ने कहा, छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बैगलेस डे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा इस दिन से बच्चों के आत्मविश्वास को भी बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही बच्चों की रुचि और उनके हुनर को भी आसानी से पहचाना जा रहा है। इससे शिक्षकों को उन्हें भविष्य में कॅरिअर विकल्प चुनने के लिए मार्गदर्शन करने में भी मदद मिल रही है।