देहरादून में आईटी और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि देहरादून में एसटीपीआई सेंटर की शुरुआत उनके लिए खुशी की बात है। उनका छात्र जीवन उत्तराखंड में बीता है। उन्होंने पहले शेरवुड और फिर दून स्कूल में पढ़ाई की। उन्होंने कहा कि इस सेंटर से उनकी बचपन की यादें जुड़ी हैं, इसलिए यहां इस तरह की सुविधा विकसित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
कृषि उत्पादन बढ़ा है
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में खेती का क्षेत्रफल करीब दो लाख हेक्टेयर कम हुआ है, लेकिन कृषि उत्पादन बढ़ा है। विकास के लिए जमीन का इस्तेमाल बढ़ने के बावजूद उत्पादन में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आईटी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अलग नीति लेकर आई है। जब हैदराबाद और बंगलुरू आईटी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं, तो देहरादून भी इस दिशा में आगे बढ़ सकता है।
युवाओं को नई तकनीक सीखने और कारोबार के नए अवसर मिलेंगे
आईटी सचिव डॉ. पंकज पांडेय ने कहा कि इस सेंटर से राज्य के युवाओं को नई तकनीक सीखने और कारोबार के नए अवसर मिलेंगे। सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप विकसित करने के लिए उत्तराखंड सरकार और केंद्र सरकार के बीच एमओयू हुआ है। इसके लिए दोनों सरकारें मिलकर काम करेंगी।
एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं के लिए ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां उन्हें निवेशकों, मेंटर्स और नई तकनीक से जुड़ने की सुविधा मिले। यहां आईटी क्षेत्र से जुड़े लोग चार-पांच लोगों की टीम के साथ भी अपना काम शुरू कर सकते हैं। सेंटर में युवाओं को 24 घंटे सुविधाएं देने की योजना है। उन्होंने कहा कि एसटीपीआई जल्द ही उत्तराखंड में स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में काम करेगा।
एसटीपीआई में पंजीकृत 14 इकाइयों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड से 251.32 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर निर्यात किया। इस सेंटर का उद्देश्य आईटी, आईटीईएस उद्योग, स्टार्टअप और एमएसएमई को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर पैदा करना और निर्यात बढ़ाना है।