ये है पूरा मामला
मंगलवार तड़के प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि मांडूवाला के पीपल चौक पर एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को उसके साथी ग्राफिक ऐरा अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची तो मालूम हुआ कि घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहित नेगी के रूप में हुई। नेगी के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि रोहित नेगी के साथ पांच-छह दोस्त पार्टी कर रहे थे। इनमें एक युवती भी शामिल थी। युवती रोहित नेगी के दोस्त की मित्र है। इसी बीच युवती के फोन पर अजहर मलिक का फोन आया। वह उससे झगड़़ा करने लगी। रोहित नेगी ने दोनों की बातें सुनी तो पता चला कि वह अजहर युवती को गंदी गंदी गालियां दे रहा था। इस पर नेगी को भी गुस्सा आया और वह भी अजहर के साथ झगड़ने लगा। जैसे तैसे सभी ने एक दूसरे को समझा बुझाकर शांत किया। कुछ देर बाद सभी वहां से रोहित नेगी की कार में अपने अपने घर की ओर चल दिए। यहां पहले से ही अजहर अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर खड़ा हुआ था। रोहित ने जैसे ही कार रोकी तो अजहर ने कार के सामने शीशे से सटाकर गोली मार दी। यह गोली रोहित के गले में जाकर लगी।