भाजपा के गढ़ सहसपुर में अगले चुनाव से पहले कई दावेदार वर्तमान विधायक के सामने मैदान में उतर आए हैं। यहां लगातार तीन बार से सहदेव पुंडीर विधायक हैं। ऐसे में अगले चुनाव में संगठन उन पर ही दांव खेलेगा या किसी नए चेहरे को मौका देगा, कहना मुश्किल है। लेकिन उम्मीदें सभी की जवां हो रही हैं।
सहसपुर विधानसभा के इतिहास को देखें तो यहां 2002 के चुनाव में कांग्रेस के साधुराम जीते थे। इसके बाद 2007 में भाजपा के राजकुमार, 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार भाजपा के सहदेव पुंडीर विधायक चुने गए हैं। 2017 और 2022 के चुनाव की तुलना करें तो 2017 में सहदेव पुंडीर की जीत का मार्जिन 17.34 प्रतिशत था, लेकिन 2022 में यह घटकर 6.68 प्रतिशत रह गया था। इस लिहाज से संगठन के भीतर कई और नेता अब अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं।
भाजपा नेता नवीन ठाकुर, पूर्व दर्जाधारी भुवन विक्रम डबराल, ओमबीर सिंह राघव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी अग्रवाल और विजयपाल सिंह बड़थ्वाल सहसपुर विधानसभा में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। सभी नेता यहां प्रमुखता से तैयारी में जुटे हुए हैं। अब यह संगठन को तय करना है कि सहदेव पुंडीर लगातार चौथी बार चुनाव मैदान में होंगे या पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव खेलेगी।
ये भी पढ़ें...जनगणना: उत्तराखंड में 17 से हिमाच्छादित क्षेत्रों में डिजिटल स्व-गणना, एक सितंबर से घर-घर जाएंगे प्रगणक
2022 के सहसपुर विधानसभा चुनाव पर एक नजर
कुल मतदाता : 1,73,115
कुल मतदान : 1,23,465
विजेता : सहदेव पुंडीर, कुल वोट 64,008
हारे : आर्येंद्र शर्मा, 55,653 वोट
हार-जीत का अंतर : 8355(6.68 प्रतिशत)