बस फंसते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीखपुकार मच गई। इसके बाद एक-एक कर सभी यात्री खिड़कियों के रास्ते बस की छत पर चढ़ गए। महिलाओं और बच्चों को भी दूसरे यात्रियों ने सहारा दिया। बस चालक और परिचालक दोनों बस के अंदर ही थे। इस बीच यात्री छत से कूदने लगे। कुछ देर बाद वहां नया गांव पुलिस चौकी से प्रभारी जयवीर सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए।
उन्होंने ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बहाव से निकाला। कुछ देर बाद रपटे पर पानी का बहाव भी धीमा हो गया था। इसके बाद गांव से ट्रैक्टर बुलवाकर बस को निकाला गया। एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। रामगढ़ में रपटे के बाहर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया गया है।