देहरादून में फ्लैट दिलाने के नाम पर लगभग 88 निवेशकों से धोखाधड़ी करने वाले पुष्पांजलि बिल्डर्स पर आखिकरकार दून पुलिस का दबाब काम आया। अब न केवल निवेशकों को फ्लैट उपलब्ध होंगे, बल्कि जो फ्लैट नहीं लेना चाहते हैं उन्हें ब्याज सहित पैसा वापस मिलेगा। पुष्पांजलि बिल्डर के एक डायरेक्टर ने बृहस्पतिवार को पुलिस को लिखित में इसका आश्वासन दिया है। वहीं, डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कहा कि निवेशकों को किसी प्रकार की हानि नहीं होने दी जाएगी।
विदित है कि जुलाई में पुष्पांजलि बिल्डर्स के खिलाफ थाना रायपुर में एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि बिल्डर्स ने कई लोगों से फ्लैट के नाम पर 40 करोड़ रुपये से अधिक ठग लिए। इसके बाद बिल्डर के खिलाफ थाना राजपुर के साथ ही डालनवाला में कई लोगों ने कंपनी के एमडी दीपक मित्तल सहित सात निदेशकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए।
इसके बाद डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने मामले की जांच के लिए सीओ डालनवाला के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की। एसआईटी ने एमडी और निदेशकों पर लगातार दबाब बनाया। इस पर कंपनी के एमडी ने विदेश से पुलिस को फोन कर निवेशकों के पैसे लौटाने को कहा था, लेकिन इसके बाद भी आज तक कुछ नहीं हो पाया।
पुलिस के लगातार दबाव के बाद बृहस्पतिवार को पुष्पांजलि बिल्डर्स कंपनी का एक डायरेक्टर राजपाल वालिया पुलिस के सामने आया। डायरेक्टर ने लिखित में आश्वासन दिया कि 31 दिसंबर 2021 तक सभी 88 निवेशकों को फ्लैट या फिर उनका पैसा ब्याज सहित लौटा दिया जाएगा। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एमडी ने मेरे नाम कर दी है जमीन : डायरेक्टर
डायरेक्टर राजपाल वालिया ने बताया कि एमडी देश से बाहर है। बताया कि जिस जमीन पर फ्लैट बनने हैं, उसकी पावर ऑफ अटार्नी एमडी दीपक मित्तल ने अपने पिता के नाम की थी। एमडी के पिता ने अब जमीन मेरे नाम कर दी है। बताया कि अगले माह से फ्लैट बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और सभी निवेशकों को फ्लैट उपलब्ध करा दिए जाएंगे। कहा कि जो फ्लैट नहीं लेगा, उसको ब्याज सहित धनराशि वापस कर दी जाएगी।