भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने मंगलवार से मंडलों में प्रवास शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने सुबह जीएमएस मंडल अध्यक्ष बबलू बंसल के घर चाय पर चर्चा की। परिवार से परिचय के बाद उनके घर पर पार्टी का झंडा लगाया। इसके बाद वह प्रेमनगर कांवली मंडल अध्यक्ष और शिवालिक मंडल अध्यक्ष जीवन सिंह रावत के परिवार के साथ परिचय व पार्टी संगठन पर बातचीत की।
दोपहर दो बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष के आवास पर भोजन के साथ मंडल की सीमाओं पर चर्चा की। केदार मंडल अध्यक्ष विजय रावत, बालावाला मंडल अध्यक्ष अशोक राज पवार के घर भी गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने व सीएए के समर्थन में प्रचार करने को कहा।
रुड़की स्थित पिरान कलियर में भीम आर्मी एकता मिशन ने लोगों से नगर पंचायत क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर धरने में शामिल होने की गुहार लगाई है, वहीं लोगों से सीएए व एनआरसी के विरोध को सफल बनाने की मांग की है।
पिरान कलियर हज हाउस के सामने पार्किंग स्थल पर एक फरवरी से सीएए व एनआरसी के खिलाफ भीम आर्मी का धरना प्रदर्शन चल रहा हैं। मंगलवार को भीम आर्मी एकता मिशन के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह कस्बे की जनता के बीच पहुंचे और उन्हें सीएए और एनआरसी के बारे में समझाकर सहयोग की अपील की।
भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिह ने कहा कि केंद्र सरकार धर्म के आधार पर जनता को बाट रही है। लोग सीएए व एनआरसी के विरोध में धरनास्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दें। वहीं हज हाउस के सामने पार्किंग में चौथे दिन भी सीएए और एनआरसी का विरोध धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।