सीबीएसई देहरादून के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि एफिलेशन यानी मान्यता, एग्जामिनेशन यानी परीक्षा और एकेडमिक आदि से संबंधित हर तरह की कार्रवाई सीबीएसई ने पहले ही ऑनलाइन कर दी है।
कुछ बची खुची व्यवस्थाओं को लॉकडाउन के दौरान पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया। इसके बाद भी हर तरह के शिकायत व आवेदनों को स्कूल पेपर और ई-मेल के जरिए भेज रहे थे। अब इसे भी पूरी तरह से ऑनलाइन किए जाने के लिए ही ई-हरकारा पोर्टल को विकसित किया गया है।
स्कूल अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर इसी पोर्टल पर हर जानकारी मुहैया कराएंगे। इससे उनके आवेदन व शिकायतें संबंधित विभाग के जिम्मेदार पदाधिकारी के पास पहुंचेंगे।
सीबीएसई का तर्क है कि इस नई व्यवस्था से एक ओर जहां पेपर का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद हो जाएगा, वहीं ई-मेल के जरिए विभागों को पत्र भेजने और उसके उत्तर का इंतजार करने का समय भी बचेगा। पोर्टल के जरिए स्कूल किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत उस विभाग तक सीधे पहुंचेगी और उन्हें जवाब भी सीधे मिलेगा। इसमें कम से कम समय लगेगा।