पीएफटी के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कंपनी की तीसरी मंजिल पर इन्वर्टर, यूपीएस, एलईडी लाइट और प्रोडक्शन एरिया में भीषण आग लगी हुई थी।
कुआंवाला स्थित हिमालयन हाइब्रिड पावर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड की तीसरी मंजिल पर मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डोईवाला और लालतप्पड़ फायर स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि तीसरी मंजिल पर रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन
फायर विभाग के अनुसार दोपहर बाद पीएफटी के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कंपनी की तीसरी मंजिल पर इन्वर्टर, यूपीएस, एलईडी लाइट और प्रोडक्शन एरिया में भीषण आग लगी हुई थी। आग की तीव्रता को देखते हुए फोम टेंडर की मदद से मॉनिटर ब्रांच के जरिए फोम का प्रयोग कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान कंपनी परिसर के पीछे झाड़ियों में भी आग फैल गई थी। अग्निशमन कर्मियों ने अलग से पानी की डिलीवरी लाइन बिछाकर झाड़ियों में लगी आग को चारों ओर से घेरकर बुझाया। दमकल वाहनों का पानी समाप्त होने पर रिले पंपिंग व्यवस्था के तहत विदलास रीवर वैली सोसाइटी के हाइड्रेंट से पानी लाकर लगातार अग्निशमन कार्य जारी रखा गया।
अग्निशमन टीम की तत्परता और सूझबूझ से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कंपनी के गोदाम और अन्य हिस्सों में रखा लाखों रुपये का सामान जलने से बच गया। कंपनी के मैनेजर शिव शंकर ने बताया कि घटना में कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।