सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड के पास आवारा कुत्तों के झुंड ने चार साल की बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों ने पत्थर फेंककर कुत्तों को भगाया और बच्ची की जान बचाई। गंभीर हालत में मासूम को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची को 12 टांके आए हैं। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटनाक्रम के मुताबिक सहस्रधारा रोड निवासी राजवीर की चार साल की बेटी ट्रंचिंग ग्राउंड के पास घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच कुत्तों के झुंड ने मासूम पर हमला कर दिया। बच्ची की चीखने की आवाज सुनकर मौके पर जमा हुई भीड़ ने जैसे-तैसे कुत्तों को वहां से खदेड़ा।
इसके बाद बच्ची को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भागीरथी जंगपांगी ने बताया कि कुत्तों के हमलों में घायल मासूम को 12 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है।
दूसरी ओर, क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ट्रेचिंग ग्राउंड के आसपास आवारा कुत्तों का झुंड मुसीबत का सबब बना हुआ है। इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।