एक दूसरे पर गुब्बारे फेंके और फिर अंडों से वार किया
- फोटो : अमर उजाला
होली से पहले शहर में एक मोहल्ले का माहौल गरम हो गया। यहां खेल-खेल में पहले बच्चों ने एक दूसरे पर गुब्बारे फेंके और फिर अंडों से वार किया। गलती से अंडा एक धार्मिक स्थल में गया तो विवाद हो गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। लेकिन दोनों पक्षों और धार्मिक स्थल के संरक्षकों की सूझबूझ से मामला शांत हो गया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। एक मोहल्ले में कुछ बच्चे आपस में रंग के गुब्बारे एक दूसरे के ऊपर फेंक रहे थे। इस बीच एक गुब्बारा एक ऐसे बच्चे को जाकर लगा, जिसके घर में कुछ दिन पहले सदस्य की मृत्यु हुई थी। चूंकि, परंपरा के अनुसार उनके यहां होली नहीं खेली जानी थी। लिहाजा, मामले ने तूल पकड़ लिया।
इस बात पर विवाद हो ही रहा था कि एक बच्चे ने दूसरे पर अंडा फेंक दिया। गलती बच्चे के निशाने में हुई। अंडा दूसरे बच्चे को न लगकर वहां एक धार्मिक स्थल में जा गिरा। पहली बातों को भूलकर अब झगड़े की वजह यही बन गई। दोनों तरफ से लोग तो बच्चे को रंग लगने के झगड़े में आए थे, लेकिन तीसरी पार्टी खुद वहां पर कूद पड़ी। उन्होंने वहां पर तमाम तरह के नारेबाजी की।
एसएसआई कोतवाली लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और दोनों बच्चों के परिजनों को थाने बुलाया। साथ ही धार्मिक स्थल के संरक्षकों को भी साथ बैठाया गया। यहां बच्चों ने एक दूसरे के माता पिता से क्षमा मांगी और मामला शांत हुआ। इधर, धार्मिक स्थल के संरक्षकों ने भी मामले में किसी प्रकार से कार्रवाई न करने की बात कही।