स्वच्छता समितियों के कर्मचारियों को सविंदा में ना करने से गुस्साएं सफाई कर्मचारी उग्र आंदोलन को उतारू हो गए हैं। गुस्साए कर्मियों ने शहर की कूड़े की गाड़ियों की हवा निकाली दी। जिससे कूड़े की गाड़ियां नगर निगम में ही खड़ी रही। उधर बृहस्पतिवार को डीएम के साथ कर्मियों की वार्ता फिर विफल होने से सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इसके चलते कर्मचारी शुक्रवार को सचिवालय कूच करेंगे।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों की चौथे दिन भी जारी हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था वैसे ही चरमराई रही। जिससे इलाकों में रहने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। डीएम ने कहा कि आगामी 20 मई को विभाग के मंत्री से उनकी वार्ता करा दी जाएगी। लेकिन लिखित में न देने के कारण वार्ता विफल रही।
बता दें कि संविदा पदों पर समायोजन की मांग को लेकर सफाई कर्मियों ने नगर आयुक्त के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन के महामंत्री धीरज भारती ने कहा कि शुक्रवार को सफाई कर्मचारी सचिवालय कूच करेंगे। प्रदर्शन में राजेश कुमार, संजय काला, रवि कुमार, सुंदरलाल, ओमप्रकाश, हरिओम, पंकज, बबली, छाया, विशाल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
गाड़ियों के टायरों की निकली हवा
मांग पूरी न होने से गुस्साएं कर्मचारियों ने कूड़ा उठान में लगी गाड़ियों के टायरों की हवा निकाल दी। इसके कारण कुछ गाड़ी शहर में कूड़ा नहीं उठा सकी और शहर में चारों ओर कूड़े का ढेर लगा रहा। वहीं कुछ इलाकों में डस्टबिन के आगे कूड़े का ढेर देखने को मिला। कर्मचारियों ने कहा कि अगर शुक्रवार को कूड़े की गाड़ियां सड़कों पर दिखी तो उनकी भी हवा निकाल दी जाएगी।