पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि प्रेमनगर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र रौतेला कोर्ट से अनुमति लेकर आरोपी से पूछताछ करेंगे। गाजियाबाद से मृतक ज्ञानचंद के परिजनों के आने के बाद बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा भरा जाएगा। पोस्टमार्टम डाक्टरों का पैनल वीडियोग्राफी के बीच करेगा।
उम्रकैद की सजा काट रहा है आरोपी आनंद
जेल के अंदर कैदी ज्ञानचंद उर्फ मनोज की हत्या करने वाला आनंद सिंह निवासी पिथौरागढ़ हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 2004 में पिथौरागढ़ में एक व्यक्ति के सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी थी।
दस साल की सजा काट रहा था मृतक
मृतक ज्ञानचंद उर्फ मनोज ने रुद्रप्रयाग में वर्ष 2015 में एक नाबालिग से दुष्कर्म कि या था। इस मामले में उसे दस साल की सजा हुई थी। इसके बाद आरोपी ज्ञानचंद को चमोली जेल से देहरादून जेल में स्थानांतरित कर दिया था। ज्ञानचंद मूल रूप से साहब गंज भागलपुर, बिहार का रहने वाला था।