ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने बताया कि वर्ष 2002 से विवि में प्रत्येक वर्ष दो रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिसके जरिये अब तक 25 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका है।
अमर उजाला उत्तराखंड के स्टेट एडिटर संजय अभिज्ञान ने अमर उजाला फाउंडेशन की समाज हित में चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमर उजाला समाचारों ही नहीं सरोकारों में भी अव्वल है। शिविर संयोजक डॉ. अमल शंकर शुक्ला ने बताया कि अब तक एक दिन में सर्वाधिक 1278 यूनिट रक्तदान का रिकॉर्ड था, जिसे ग्राफिक एरा विवि ने तोड़ दिया।
पहले दिन श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ब्लड बैंक की टीम ने 502, आईएमए ब्लड बैंक ने 350, हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट ने 300, एम्स ऋषिकेश ने 101 और दून अस्पताल ब्लड बैंक ने 101 यूनिट रक्त संग्रह किया। इस अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. आरसी जोशी, वीसी डॉ. राकेश शर्मा, वीसी हिल यूनिवर्सिटी डा. संजय जसोला, रजिस्ट्रार डा. एमपी सिंह, प्रो. वीसी डॉ. नागराजा, रेडक्रॉस के चेयरमैन केएस टोलिया, डॉ. एमएस अंसारी, डॉ. पार्वती पांडे और सभी ब्लड बैंक की टीम मौजूद रही।
रक्तदान को लेकर नए और पहली बार रक्तदान करने वाले छात्र-छात्राओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया। सुबह से ही सभी जगह लंबी-लंबी लाइनें लग गई। विवि में पांच अलग-अलग स्थानों पर पांचों ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्र किया।
वहीं, रोटरी क्लब जोन-12 की गवर्नर जागृति नवानी ने सभी रक्तदाताओं को कपड़े के थैले वितरित कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने रक्तदाताओं से पॉलिथीन और प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने का आह्वान भी किया।
प्रो. एएस शुक्ला को किया सम्मानित
उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने एनएसएस के कार्यक्रम प्रभारी व शिविर के संयोजक डॉ. अमल शंकर शुक्ला को 51वीं बार रक्तदान करने पर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. शुक्ला जैसे लोग समाज के लिए किसी हीरो से कम नहीं हैं। शिविर में असिस्टेंट रजिस्ट्रार अनिल चौहान ने 31वीं और एडमिशन हेड साहिब सबलोक ने 18वीं बार रक्तदान किया।