गुमशुदगी के बाद कॉल डिटेल से खुली थी पल्लवी और अमनदीप की प्रेम कहानी
प्रेमी के संग मुजफ्फरनगर में जहर खाने वाली पल्लवी दून में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करती है। वह अपने ऑफिस से 20 मार्च की शाम चार बजे निकली थी लेकिन देर रात तक वापस नहीं आई। अगले दिन परिजनों ने डालनवाला पुलिस को इसकी सूचना दी, जिस पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई। शुरुआत में पल्लवी का कुछ पता नहीं चल रहा था लेकिन इसी बीच कॉल डिटेल से अमनदीप जायसवाल के साथ प्रेम प्रसंग की कहानी का पता चला। पुलिस जब तक इन्हें तलाश कर पाती तब तक मुजफ्फरनगर से यह बुरी खबर आ गई।
पुलिस के अनुसार पल्लवी देहरादून के रायपुर रोड स्थित ऑफिस से रोजाना शाम पांच बजे निकलती थी। लेकिन, 20 मार्च को वह चार बजे ही निकल गई। परिजनों ने थाने में जब इसकी सूचना दी तो उन्होंने प्रेम संबंधों के बारे में जानकारी नहीं दी। इस पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया। परिजनों ने बताया था कि पल्लवी स्कूटर से निकली थी। लेकिन, सीसीटीवी कैमरों में स्कूटर का भी कुछ पता नहीं चला। इस पर पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल निकाली। पता चला कि वह काफी समय से अमनदीप जायसवाल से बात कर रही थी।
इस बात को जब परिजनों को बताया गया तो तब उन्होंने भी इस मामले को स्वीकार किया। इसके बाद आगे की कड़ियां साफ हो गई कि कहीं न कहीं दोनों एक साथ ही हैं। लेकिन, पुलिस उस वक्त मायूस हो गई जब अमनदीप व पल्लवी का मोबाइल स्वीच ऑफ मिला। पुलिस ने पल्लवी और अमनदीप को तलाशने के लिए टीमें बनाईं, मगर इसी बीच मुजफ्फरनगर में दोनों के जहर खाने की खबर आ गई।