11 से 13 अक्तूबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल रिवरसाइड कैंपस में आयोजित होने वाले देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में साहित्य के साथ ही देश की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा व सामाजिक मुद्दों पर मंथन होगा। अपराध जगत से जुड़ी कई पुस्तकों और क्राइम राइटिंग पर चर्चा होगी। जिसमें जरायम की दुनिया के कई राज बेपर्दा होंगे। दूसरे दिन शनिवार (12 अक्तूबर) को शाम पांच से छह बजे तक अनरिवेलिंग सुनंदा पुष्कर्स लाइफ सत्र आयोजित होगा। इसमें सुनंदा मेहता, सुशांत सिंह और सुनंदा पुष्कर के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर चर्चा करेंगे।
तीसरे दिन रविवार 13 अक्तूबर को कारगिल युद्ध के 20 वर्ष पूरे होने के मौके पर कारगिल ब्रेवहार्ट्स सत्र आयोजित किया जाएगा। दोपहर तीन से चार बजे तक आयोजित होने वाले सत्र में तत्कालीन थल सेनाध्यक्ष जनरल वीपी मलिक शामिल होंगे। साथ ही कारगिल में सेवाएं दे चुके ब्रिगेडियर ओपी यादव और लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक किनी भी सत्र में मौजूद रहेंगे। रचना बिष्ट इस सत्र का संचालन करेंगीं।