भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से शनिवार को 469 यंग अफसर सेना में शामिल हुए। पीओपी के मुख्यातिथि थलसेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए 137वें नियमित कोर्स के देहरादून निवासी ललित थपलियाल को स्वॉर्ड ऑफ आनर से सम्मानित किया। बचपन से आर्मी के माहौल में पले बढ़े लेफ्टिनेंट ललित थपलियाल के पिता राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं।
बड़ी बहन कैप्टन स्वर्णिमा थपलियाल के सेना में जाने के बाद अब ललित का भी सपना पूरा हो गया। मूलरूप से पौड़ी निवासी डीएन थपलियाल के दोनों बच्चों ने देश की रक्षा का अपना सपना पूरा कर लिया है। डीएन थपलियाल आरआईएमसी में जॉब करते थे। दोनों बच्चों का जन्म भी यहीं पर हुआ और यहीं के सैन्य माहौल में पले बढ़े।
बड़ी बेटी स्वर्णिमा ने सेना की राह चुनी और वह ओटीए चेन्नई से पासआउट हुई। शनिवार को हुई आईएमए की पीओपी में ललित थपलियाल भी प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर सम्मान के साथ ही ब्रांज मेडल जीतकर पास आउट हुए तो पूरे परिवार का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। ले. ललित का कहना है कि उन्होंने बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखा था जो आज पूरा हो गया।
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर का प्रोफाइल
नाम : लेफ्टिनेंट ललित थपलियाल
शिक्षा : राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज, देहरादून
प्रशिक्षण : नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़गवासला
अंतिम प्रशिक्षण : इंडियन मिलिट्री एकेडमी, देहरादून