देहरादून के पटेलनगर लूटकांड में पुलिस को बदमाशों के बारे में अहम सुराग मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस की तीन टीमों को दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में में भेजा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि मंगलवार रात पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर से लूट हुई थी। बदमाशों ने ज्वेलर के पैर में गोली मारकर उसके पास से ज्वेलरी भरा बैग लूट लिया था। बैग में लगभग 90 ग्राम सोना और 40 हजार रुपये थे।
पुलिस ने अब तक करीब 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसके अलावा ज्वेलर के संपर्क में आए लोगों से भी पूछताछ की गई है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने कच्चा माल सप्लाई करने वाले कारोबारियों से भी पूछताछ की थी।
पूछताछ के बाद पुलिस को लूट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के गैंग का हाथ होने का अंदेशा है। पुलिस कप्तान ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस की आठ टीमें जुटी हुई हैं। इनमें से तीन टीमों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलग अलग स्थानों के लिए रवाना किया गया है। इधर, पुलिस की संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।