कलेक्ट्रेट परिसर में भाकियू का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की बात करने वाली प्रदेश सरकार गन्ना किसानों की मांगों पर गंभीर नहीं है। प्रदेश के किसानों का चीनी मिलों पर गन्ने का करोड़ों रुपया बकाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र ही सरकार किसानों को ब्याज समेत बकाया भुगतान नहीं करती है तो यूनियन मंगलौर में हाईवे पर चक्का जाम करेगी।
बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान संजीव तोमर ने किसानों के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जनपद के सैकड़ों किसानों को पिछले दो सालों के गन्ने का भुगतान नहीं मिला है। कई बार किसानों के प्रदर्शन करने के बाद भी सरकार ने बकाया भुगतान करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चीनी मिलों पर घटतौली का भी आरोप लगाया।
तोमर ने मांग उठाई कि 60 साल से अधिक आयु के किसानों को पेंशन दी जाए। इसके साथ ही नमामि गंगे योजना में हो रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरकार से सीबीआई व सीआईडी जांच करने की मांग की।
यूनियन का आरोप है कि ट्रीटमेंट प्लांट की गुणवत्ता घटिया होने से फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी गंगा में जा रहा है। जिससे सिंचाई करने पर किसानों की जमीनों की पैदावार क्षमता पर असर पड़ रहा है। इस मौके पर भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, अरुण शर्मा, अजय त्यागी, पवन त्यागी, हरि किशन सिंह, गौरव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।