विक्रम के एकमात्र गोल की मदद से देहरादून फुटबॉल एकेडमी ने हेमवती नंदन बहुगुणा मेमोरियल प्रथम इंटर स्कूल बालक चैलेंज कप फुटबॉल प्रतियोगिता में जीत के साथ आगाज किया।
दूसरे मैच में दून ग्लोबल स्कूल के खिलाड़ियों को वाइरल होने के कारण टीम के नहीं पहुंचने पर मार्शल स्कूल बी को वॉकओवर दिया गया। मार्शल स्कूल के जोगीवाला स्थित खेल मैदान में रविवार को देहरादून फुटबॉल एकेडमी का सामना विवेकानंद स्कूल से हुआ।
मैच के पहले मिनट से ही दोनों टीमों ने बढ़त पाने के लिए हमले शुरू कर दिए। मगर शुरुआती समय में किसी को सफलता नहीं मिल सकी। मैच के 34वें मिनट में देहरादून फुटबॉल एकेडमी ने मूव बनाया और विक्रम ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
पहले हाफ में यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ, लेकिन गोल करने में कोई टीम सफल नहीं हो सकी। देहरादून फुटबॉल एकेडमी ने एक गोल से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली।