एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर दो पहिया या किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद नहीं रहेगा। एक्सप्रेसवे पर मोहंड में बनी 12 किमी की एलिवेटेड रोड पर 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दो पहिया वाहन फर्राटा भरेंगे। इसके लिए एलिवेटेड रोड पर सूचना चिह्न भी लगाए गए हैं। यदि एक्सप्रेसवे पर पूरी तरह से दो पहिया वाहनों का प्रवेश बंद होता है तो ऐसे में एलिवेटेड रोड पर वाहनों का संचालन बंद नहीं होगा।
मोहंड में ही होती थी सबसे ज्यादा परेशानी
दरअसल, दिल्ली और देहरादून के सफर के बीच वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी एक समय में मोहंड में ही होती थी। मोहंड के मार्ग में अधिकतर हर समय जाम रहता था। इससे कुछ देर का सफर तय करने में भी कई घंटे लगते थे। एलिवेटेड कॉरीडोर के बनने से अब ये समस्या भी खत्म हुई है। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर दो पहिया वाहनों का संचालन बंद होने की स्थिति में लोगों में मोहंड मार्ग भी चर्चा का विषय बना हुआ है।