बताया जा रहा है कि शाश्वत गर्ग और उसकी पत्नी साक्षी 21 अक्तूबर को मुंबई पहुंचे थे। इसके बाद वह वहां से रॉयल एयरलाइन नेपाल की फ्लाइट लेकर काठमांडू चला गया। वहां शाश्वत और उसकी पत्नी दोनों एक होटल में रुके। निवेशकों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने होटल में फोन किया। होटल वालों ने उनसे कहा था कि वे गर्ग की उनसे बात करा सकते हैं लेकिन निवेशकों ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया ताकि उसे भनक न लगे। इसके बाद अगले दिन कुछ निवेशक सड़क मार्ग से काठमांडू चले गए। वहां होटल में जाकर पता चला कि इस नाम को तो कोई व्यक्ति इस होटल में ठहरा ही नहीं।
दोनों के पासपोर्ट किए गए निरस्त
इस मामले में रेरा ने पिछले दिनों उसके थानो रोड वाले प्राजेक्ट की खरीद फरोख्त पर रोक लगा दी थी। इसके बाद एक शिकायत पर राजपुर थाने में भी शाश्वत गर्ग और उसके परिवार वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस प्रकरण में आईजी गढ़वाल एक एसआईटी का गठन भी कर चुके हैं। एसआईटी ने भी जांच शुरू कर दी है। ऐसे में अब निवेशक इन सभी तथ्यों को लेकर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार कार्यालय ने दोनों के पासपोर्ट निरस्त कर दिए हैं।