सऊदी अरब में होने वाले सैफ गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय अंडर-19 फुटबाल टीम की कमान दून के साहिल पंवार को सौंपी गई है। साहिल इससे पहले अंडर-13, अंडर-14 और अंडर-16 में अलग-अलग टीमों की कप्तानी करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र रहे साहिल पंवार के पिता दीपक पंवार और बहन रक्षा पंवार भी अलग-अलग कैटेगरी में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही है। 2012 में साहिल ने पुणे सिटी टीम ज्वाइन की। 2013 में उन्हें अंडर-17 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। पंजाब में हुए चैलेंजर कप की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को खिताब दिलाया। इसके अलावा उन्होंने अंडर-17 सुब्रतो कप में भी दो बार टीम की कप्तानी की।
उन्होंने महाराष्ट्र जोन के लिए अंडर-18 आई लीग भी खेली। इसी दौरान उनकी टीम ने गोवा में डेंपो क्लब को हराकर मंदोधर कप भी अपने नाम किया। एएफए कोलकाता में उन्होंने मोहन बागान को शिकस्त देकर जीत हासिल की। इसके बाद उनका चयन अंडर-19 इंडिया कैंप के लिए हुआ, जहां से उन्हें भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है। सैफ गेम्स में 18 अक्तूबर को भारतीय टीम का पहला मुकाबला बांग्लादेश से होगा।