स्विटजरलैंड द्वारा 2,600 निष्क्रिय खाताधारकों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं और इनमें देहरादून के बहादुर चंद्र सिंह का नाम भी है।
स्विस बैंक द्वारा बताए गए नामों में चार भारतीयों के नाम भी शामिल हैं। इन चार भारतीय में से दो का निवास भारत में बताया गया है जबकि एक का निवास पेरिस में बताया गया है। चौथे भारतीय खाताधारक के निवास स्थान का खुलासा नहीं किया गया है।
जिन चार भारतीय खाताधारकों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं उनमें पियरे वाचेक, देहरादून के बहादुर चंद्र सिंह, पेरिस के डॉ. मोहन लाल और किशोर लाल शामिल हैं। वाचेक का निवास स्थान बांबे बताया गया है जो पहले मुंबई का नाम था। वाचेक की जन्मतिथि का खुलासा भी किया गया है।
स्विटजरलैंड ने 2,600 खाताधारकों और 80 सेफ डिपॉजिट बॉक्स के मालिकों के नाम सार्वजनिक किए हैं। सार्वजनिक की गई सूची में वैसे खाते शामिल हैं जिसमें कम से कम 500 स्विस फ्रैंक जमा हैं और जिन पर कम से कम 60 साल से कोई दावा नहीं किया गया है।
इन खातों में 440 लाख स्विस फ्रैंक यानी करीब 300 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। हालांकि, स्विटजरलैंड ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि भारतीय खाताधारकों के खातों में कितने पैसे हैं।