पहले उत्तराखंड वुमन टी-25 कप का खिताबी मुकाबला खालसा क्रिकेट एकेडमी (केसीए) और एशियन क्रिकेट एकेडमी (एसीए) के बीच खेला गया। बृहस्पतिवार को शिमला बाईपास रोड स्थित क्रिकेट मैदान में खेले गए मैच में दीपिका चंद के बल्ले से खूब रन बरसे। उनके 77 रनों की बदौलत केसीए ने 22 रनों से मैच अपने नाम किया। केसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। ओपनर बल्लेबाज मुस्कान ने 42 रनों की पारी खेली। वहीं, रीना जिंदल के तीन रन के निजी स्कोर पर आउट होने के बाद दीपिका ने पारी को संभाला और 67 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली। इसके दम पर टीम ने निर्धारित 25 ओवर में 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसीए की टीम की शुरुआत कोई खास नहीं रही। ओपनर बल्लेबाज नीलम आठ और भूमि 23 रन के निजी स्कोर पर चलती बनीं। तीसरे विकेट के लिए खेलने आईं नीरजा ने 42 रनों का योगदान दिया। इसके बाद कोई भी खिलाड़ी खास असर नहीं दिखा सके। जिसके चलते टीम 24.1 ओवर में 142 स्कोर पर ऑलआउट हो गई। दीपिका को शानदार प्रदर्शन के लिए श्रेष्ठ बल्लेबाज के खिताब से नवाजा गया। साथ ही मुस्कान और नीरजा को भी श्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।