भारी बारिश के चलते मोहंड के पास सड़क पर पहाड़ का मलबा गिरने से हाईवे ब्लॉक हो गया। इससे सहारनपुर हाईवे करीब तीन घंटे तक बंद रहा। दोनों ओर से वाहनों का लंबा जाम लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ीं। दोनों जिलों के प्रशासन ने अपने-अपने क्षेत्र में जेसीबी से इस मलबे को हटाकर मार्ग खोलकर यातायात सुचारू करवाया।
सोमवार दोपहर से शाम तक झमाझम बारिश हुई। सहारनपुर हाईवे पर वाहनों का भारी दबाव था। इस बीच करीब दो बजे मार्ग पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर तक लाइन लग गई। पता चला कि मोहंड के पास बड़ी मात्रा में पहाड़ दरकने से मलबा आ गया था। इस क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल न होने के कारण भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। देहरादून आने वाले लोगों के परिजन उनकी तलाश में मोहंड की ओर निकलने लगे। लेकिन, यातायात को दोनों ओर रोक दिया गया था।
सहारनपुर जिला प्रशासन ने मोहंड के पास से मलबा हटाकर करीब तीन घंटे में यातायात सुचारू कराया। इधर, उत्तराखंड की सीमा में हल्का मलबा सड़क पर आया था। देहरादून सीमा में राजमार्ग प्राधिकरण की मशीनों से इस मलबे को हटाकर यातायात सूचारू कराया। एसओ क्लेमेंटटाउन शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि मार्ग ब्लॉक उत्तर प्रदेश के मोहंड में पहाड़ी दरकने के चलते हुआ था।
-
रामगढ़ के रपटे पर फिर फिसली एक कार, बाल-बाल बचे सवार
-रविवार को हिमाचल रोडवेज की एक बस फंसी थी रपटे पर, 30 यात्रियों की फंसी थी जान
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। शिमला बाईपास रोड स्थित रामगढ़ के रपटे पर सोमवार को फिर से एक कार पानी के तेज बहाव में फंस गई। गनीमत रही कि कार रपटे के किनारे रखे एक पत्थर से अटक गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने कार को ट्रैक्टर से बाहर निकाला। कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बचा लिए गए।
गौरतलब है कि रामगढ़ के रपटे पर रविवार को हिमाचल रोडवेज की बस फंस गई थी। बस में 30 सवारियां बैठी थीं। सवारियां जान बचाने के लिए बस की छत पर चढ़ गईं। छत से कूदकर यात्रियों ने जान बचाई। पुलिस और ग्रामीणों ने इस बस को भी ट्रैक्टर से बाहर निकाला। इस बीच सोमवार को भी रपटे पर पानी का बहाव बेहद तेज था। अब इस पर मलबा भी आने लगा है। इससे पानी का बहाव और भी खतरनाक हो गया है। दुस्साहसी चालक बहाव को नजरअंदाज करते हुए कार रपटे के बीच ले गया। रपटा पार होने ही वाला था कि पानी के बहाव से कार फिसलकर किनारे पड़े एक पत्थर से टकरा गई।