एफआरआई से सेवानिवृत्त वैज्ञानिक सतीश कुमार के खाते से 85,937 रुपये उड़ा लिए गए। शिकायत लेकर बैंक गए बुजुर्ग को पता चला कि रकम न्यूयार्क (यूएसए) से निकाली गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बसंत विहार निवासी सतीश कुमार एफआरआई से सेवानिवृत्त वैज्ञानिक हैं। उनका आईडीबीआई बैंक में खाता है।
26 अगस्त को खाते से रकम की निकासी का एसएमएस आया तो वे शिकायत लेकर बैंक पहुंचे। बैंक अधिकारियों ने उन्हें बताया कि रकम न्यूयार्क से निकाली गई है। रिटायर्ड वैज्ञानिक का आरोप है कि डेबिट कार्ड का क्लोन बनाकर आनलाइन रकम उड़ाई गई है। असली डेबिट कार्ड उनके पास है। एसओ बसंत विहार हेमंत खंडूडी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में साइबर थाने की मदद ली जा रही है। विवेचना में पता चल पाएगा कि रकम कहां से निकाली गई है। प्रथम दृष्टया न्यूयार्क से रकम निकालने की बात सामने आ रही है।
जमीन के नाम पर 25 लाख हड़पने वाला गिरफ्तार
बसंत विहार पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर 25 लाख रुपये ठगने के आरोप में प्रापर्टी डीलर को गिरफ्तार कर लिया है। बल्लूपुर की न्यू कालोनी निवासी रश्मि बहल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बालकिशन निवासी कुल्हान (राजपुर) ने अपनी जमीन बेचने का अनुबंध किया था। तय सौदे के मुताबिक उन्होंने आरोपी को 25 लाख रुपये का भुगतान किया था। बाद में आरोपी ने न तो जमीन पर कब्जा दिया और न ही रकम वापस की। उल्टा आरोपी रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। बसंत विहार पुलिस ने बुधवार को आईएसबीटी के पास से फरार चल रहे बाल किशन को गिरफ्तार कर लिया। एसओ हेमंत खंडूडी ने बताया कि बाल किशन के खिलाफ कोर्ट में कई मामले विचाराधीन हैं।