देहरादून में हाईटेंशन लाइन से सटकर टीन शेड बनाना गोविंदगढ़ के श्रीभगवान शर्मा को भारी पड़ा। शनिवार की रात को हाईटेंशन लाइन टीन शेड पर गिरने से पांच पशुओं की मौत हो गई।
इस क्षेत्र में दो सौ से अधिक मकान हाई टेंशन लाइन के नीचे बनाए गए है, जोकि हमेशा खतरे की घंटी की तरह है। शनिवार की रात लगभग तीन बजे इंसुलेटर पंचर हो गया। इसके बाद तार टूटकर गिर गया।
इंसुलेटर ठीक करने के दौरान हुआ हादसा
इंसुलेटर ठीक करने के बाद जब आपूर्ति सामान्य की गई तो उसी दौरान तार में बिजली दौड़ गई। तार के पास बगल में ही शर्मा की डेरी है, जहां पर मवेशी बंधे हुए थे। इसके कारण लगभग पांच पालतू पशुओं की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दी, जिसके बाद लाइन काटी गई। नगरीय विद्युत वितरण मंडल सेंट्रल के अधिशासी अभियंता सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग की ओर से जांच करने के बाद जो भी मुआवजा तय किया जाएगा।
ऊर्जा निगम करेगा भुगतान
प्रभावित को ऊर्जा निगम द्वारा भुगतना किया जाएगा। इस क्षेत्र में लगभग 200 से अधिक मकान हाईटेंशन लाइन के नीचे बना दिए गए है। यह नदी से लगता हुआ क्षेत्र है। इन्हें मना करने पर आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी जाती है।