मोरी ब्लॉक के चांगसिल बुग्याल में वज्रपात से तीन भेड़ पालकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य झुलस गए। तीन घायलों को हेलीकॉप्टर से सीएचसी पुरोला में भर्ती करवाया गया है।
मौसम खराब होने के कारण अन्य घायलों को हेलीकॉप्टर से नहीं पहुंचाया जा सका। एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मारे गए लोगों के शवों को मोरी पहुंचाया। हादसे में मौंडा निवासी परमानंद और किशन सिंह बाल-बाल बच गए।
इन दोनों ने ही हादसे की सूचना प्रशासन को दी। मोरी ब्लॉक के चांगसिल बुग्याल में शुक्रवार शाम वज्रपात से बलावट निवासी अमर सिंह (50) पुत्र दिलीप सिंह, लोकेश (31) पुत्र रतन सिंह व मौंडा निवासी मोर सिंह पुत्र अमर सिंह की मौत हो गई, जबकि जगदीश सिंह, जितेंद्र सिंह, दिनेश रावत, जनक, संजय रावत, अखिलेश और चमन चौहान झुलस गए।
इनमें से मौंडा निवासी चमन, बलावट निवासी जगदीश सिंह और जितेंद्र सिंह को हेलीकॉप्टर से सीएचसी पुरोला पहुंचाया गया है। अन्य घायलों को लेने के लिए देहरादून से हेलीकाप्टर पहुंचा, लेकिन मौसम खराब होने के कारण लैंडिंग नहीं कर पाया। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से अन्य घायलों और हादसे में मारे गए लोगों के शवों को मोरी सीएचसी पहुंचाया।