दून यूनिवर्सिटी के पास एक लेफ्टिनेंट कर्नल के बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। इससे पहले हमलावरों ने युवक की यूनिवर्सिटी के अंदर भी पिटाई की थी। इस मामले में अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने तीन ज्ञात और बाकी अन्य युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल ऋषि कृष्णा ने नेहरू कॉलोनी पुलिस को शिकायत की है। कृष्णा का कहना है कि वे क्लेमेंटटाउन में तैनात हैं। उनका बेटा दून विवि में पढ़ाई करता है। गत तीन मार्च को सार्थक रांगड़, हनी और आयुष के साथ 10-12 युवकों ने उनके बेटे पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके बेटे को पहले विवि के अंदर पीटा फिर बाहर सड़क पर भी लाठियों से मारा। इस हमले में उनके बेटे को कई जगह चोट आई हैं। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। एसओ नेहरू कॉलोनी लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मेडिकल की रिपोर्ट और घायल के पिता की तहरीर के आधार पर जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।