सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर चोई बस्ती में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर चोई बस्ती में एक युवक ने पंखे से लटकर खुदकुशी कर ली है। जिस पर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही शव को पंखे से नीचे उतारा जा चुका था। मृतक की पहचान सूरज वर्मा उर्फ सोनू पुत्र हरीश वर्मा निवासी ग्राम मैलानी थाना मैलानी जनपद खीरी के रूप में हुई। वह यहां पर कंपनी में डेली बेसेज पर मजदूरी का काम करता था और किराए के मकान पर रहता था। पूछताछ में मौके पर मौजूद सूरज के भाई प्रिंस वर्मा ने बताया कि वह कल से अपने भाई को फोन कर रहा था लेकिन, उसने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका पर जब वह रामपुर स्थित उसके मकान पर पहुंचा तो उसका शव पंखे से लटका हुआ था। उसने सूरज को बचाने के लिए उसे पंखे से नीचे उतारा लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।