पांच दिन से लापता युवक का शव आईटी पार्क के पीछे से मिल गया है। शव एक दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सीओ मसूरी अनिल कुमार जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को आईटी पार्क के पिछले गेट के पास एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मृतक की जेब से पहचान के लिए कोई दस्तावेज नहीं मिलने पर शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। शिनाख्त के लिए अन्य थानों को सूचित किया गया। इस बीच पता चला कि एक युवक की डालनवाला थाने में गुमशुदगी दर्ज है। सीओ ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कराने वालों से संपर्क किया गया। उन लोगों ने शव की शिनाख्त संजीव शर्मा (36) पुत्र भगवान शर्मा निवासी डीएवी कॉलेज करनपुर देहरादून के रूप में की। बताया कि संजीव चार जून की रात नौ बजे घर से निकला था। घर नहीं लौटने पर अगले दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।