ऐसे अपराधियों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा: महिला आयोग
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर वहां मौजूद डॉक्टरों से प्रीति का हाल जाना। आयोग अध्यक्ष ने प्रीति की मां से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया कि इस प्रकार का जघन्य अपराध करने वालों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि वह खुद भी इस बारे में डीआईजी पी रेणुका से संज्ञान लेने के लिए कह चुकी हैं। निर्देश दिए हैं कि इस शर्मनाक अपराध को करने वाले प्रीति के ससुराल वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। आयोग अध्यक्ष को देख कर प्रीति की मां सरस्वती देवी उनसे लिपट कर बिलख पड़ी। अध्यक्ष ने महिलाओं से अपील की कि वह इस प्रकार के अपराधों को बिल्कुल भी सहन न करें। ऐसी किसी भी घटना का यदि महिलाएं शिकार होती हैं या कोई प्रताड़ित करता है तो वह उसके विरुद्ध जरूर आवाज उठाएं और महिला आयोग तक इस बात को पहुंचाएं। महिला आयोग हमेशा उनके साथ खड़ा है।
पूर्व सीएम हरीश बोले, एक व्यक्ति हर वक्त करेगा प्रीति की देखभाल
बृहस्पतिवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी प्रीति से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यहां प्रीति का हाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उनका एक व्यक्ति हर वक्त प्रीति के साथ रहेगा और उनकी देखभाल करेगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।