उत्तराखंड सरकार ने करीब ढाई लाख कर्मचारियों को दीपावली के बोनस के साथ दस प्रतिशत डीए बढ़ाकर दीपावली का दोहरा तोहफा दिया है।
शासनादेश जारी
बृहस्पतिवार देर शाम को इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया। राज्य कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों के कर्मचारी, संविदा और दैनिक वेतन भोगियों को बोनस जारी किया गया है।
डीए 90 प्रतिशत हो गया
केंद्र सरकार ने जुलाई में महंगाई भत्ता घोषित कर दिया था। जिससे राज्य सरकार पर भी डीए बढ़ाने का दबाव था। बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का डीए 90 प्रतिशत हो गया है। इससे कर्मचारियों को वेतन में करीब 1500 से लेकर 5000 रुपए तक का फायदा होगा। बढ़े डीए का भुगतान नवंबर से किया जाएगा। जुलाई से अक्टूबर तक का डीए भविष्य निधि खाते में जाएगा। जबकि बोनस के रूप में 3454 रुपए मिलेंगे।
दूसरी ओर हड़ताल को लेकर कर्मचारी अपने रुख पर कायम हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद सिंह के मुताबिक कर्मचारी अनिवार्य तीन पदोन्नतियां और ग्रेड पे 2800 को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। 25 अक्तूबर को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि मांगों पर क्या कार्रवाई की जा रही है। शासनादेश जारी होते ही हड़ताल समाप्त कर दी जाएगी।
कर्मचारियों ने किया स्वागत
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने कहा कि दीपावली का तोहफा देने पर सभी कर्मचारी सरकार का आभार जताते हैं और उम्मीद करते हैं कि इसी तत्परता से अन्य मांगों से संबंधित शासनादेश भी जल्द जारी हो जाएंगे। वहीं परिषद के प्रवक्ता अरुण पांडे ने कहा कि यह राज्य कर्मचारियों की मांग में शामिल था। फिर यह सरकार को करना ही था। डीए केंद्र सरकार ने छह माह पहले बढ़ा दिया था। हमे उम्मीद थी कि जल्द ही डीए भी जारी होगा।