डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ सप्ताह के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हंगामें के बीच हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और अजय हुड्डा ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। मासूम शर्मा ने मंच से गानों के साथ गालियां भी सुनाईं। गालियां किसे दी गईं और क्यों दी गईं ये स्पष्ट नहीं हुआ लेकिन गाली देते हुए उसका वीडियो जबरदस्त वायरल हुआ। दोनों हरियाणवी गायकों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में छात्र और युवा प्रांगण में माैजूद थे। इस दाैरान हंगामे और भगदड़ में गिरने से एक युवा के हाथ में चोट आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से चले जाने के बाद हंगामा हुआ।
गायक मासूम शर्मा जिस समय मंच से गाली दे रहा था विधायक उमेश कुमार भी वहां पर मौजूद थे। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। लोग गायक के इस कृत्य की निंदा करने के साथ ही कार्यक्रम के आयोजकों पर भी सवाल उठा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान गायक मासूम शर्मा की आपत्तिजनक टिप्पणी पर वहां मौजूद कॉलेज स्टाफ, पुलिस भी असहज नजर आई। खबर लिखे जाने तक पुलिस के पास किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं पहुंची थी। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने मंच से गाली देने की घटना का संज्ञान लिया है।
बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा एक घटना का जिक्र कर रहा था। इसी दौरान गायक ने गालियों का प्रयोग किया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कॉलेज प्रबंधन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शैक्षणिक परिसर में मंच से इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उनका कहना था कि इससे न केवल संस्थान की छवि प्रभावित होती है बल्कि युवाओं पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ता है।
स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा और किसी तरह माहौल को संभालते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। हालांकि तब तक पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो चुका था। वीडियो सामने आते ही इंटरनेट मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया और इस पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
कई लोगों ने इसे मंचीय मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई जबकि कुछ लोगों ने इसे लापरवाही में कही गई बात करार दिया। फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मंच की भाषा, आचरण और जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।