कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा का पहला पड़ाव पार कर नाम रोशन करने वाली साक्षी के परिवार में खुशी की लहर है। कौलागढ़ निवासी साक्षी के पिता मुकेश श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल प्रेमनगर में सुपरवाइजर हैं जबकि मां चिंतामणि घर में बूटीक चलाती हैं।
साक्षी ने 12वीं तक की पढ़ाई नॉर्थ प्वाइंट चिल्ड्रन एकेडमी से पूरी की। उन्होंने 10वीं में 95 प्रतिशत और 12वीं में 89 प्रतिशत अंक हासिल करने के बाद सीएस फाउंडेशन की तैयारी शुरू की। साक्षी ने बताया कि उन्हें लॉ का क्षेत्र बहुत पसंद है।
12वीं के बाद उन्होंने डीएवी से बीकॉम करने के साथ ही सीएस की भी तैयारी की। वह कामयाब कंपनी सेक्रेटरी बनना चाहती हैं। माता-पिता की इकलौती बेटी साक्षी का कहना है कि जो युवा इस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, वह कभी हतोत्साहित न हों। हमेशा सकारात्मक तरीके से अपनी तैयारी करें। बहुत ज्यादा अपेक्षाएं न पालें। मेहनत करते रहेंगे तो निश्चित तौर पर कामयाबी मिलेगी।