सहसपुर क्षेत्र में मकान की छत पर रखी निर्माण सामग्री को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि पड़ोसी की पत्नी ने उनकी बहन के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, मारपीट, लज्जा भंग और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में युवती और उसके भाई के खिलाफ पुलिस ने पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था।तहरीर में सभावाला निवासी मनोज कुमार ने बताया कि 24 सितंबर को उनकी बहन पारुल छत पर कपड़े सुखाने गई थी। तभी पड़ोसी रवि की पत्नी रंजीता ने उसके साथ गाली-गलौज की। दोनों ने बहन के सिर पर ईंटों से मारा और डंडों से भी पीटा। बताया कि पड़ोसी रवि शराब, भांग आदि का नशा करता है। आए दिन पिता-बहन से झगड़ा करता है। बताया कि 13 अक्तूबर को भी पड़ोसी रवि की ओर से मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 14 अक्तूबर को घर में विवाह है। रवि और उसकी माता विवाह में अवरोध उत्पन्न करने की साजिश कर रहे हैं। थाना प्रभारी मुकेश त्यागी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवादा