युवती से छेड़खानी के विरोध में युवक और उसके साथियों से मारपीट के मामले में न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात आरोपी के मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ पहले ही बलवा और अन्य संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मारपीट का मामला करीब तीन माह पुराना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में कोतवाली क्षेत्र के पृथ्वीपुर खेड़ा निवासी मुकुल राणा ने अपनी महिला मित्र से छेड़खानी के विरोध में रघुवीर चौहान और उसके साथियों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि रघुवीर चौहान, ऋषभ चौहान, शुभम पंत, अजय चौहान, शुभम तोमर और एक अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, आपराधिक धमकी आदि संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।