एसएसबी ने एक नेपाली महिला से साढ़े छह किलो चरस बरामद की है। वह चरस अपनी कमर में बांधकर नेपाल से ला रही थी। बनबसा बस अड्डे पर कोई व्यक्ति उससे चरस लेने वाला था।
हाई अलर्ट के चलते एसएसबी कई दिन से सीमा पर सघन पेट्रोलिंग और चेक पोस्ट पर तलाशी में जुटी है। रविवार को एसएसबी 57वीं वाहिनी एफ कंपनी के जवान चेक पोस्ट पर तलाशी अभियान पर थे। इसी बीच नेपाल की ओर से पैदल आ रही एक महिला को एसएसबी की महिला एसआई पूनम सुरीन ने रोककर पूछताछ की।
तलाशी लेने पर नेपाली महिला की कमर में 6 किलो 550 ग्राम चरस बंधी मिली। एसएसबी के कमांडर ने बताया महिला नेपाल के तुरबांग वार्ड संख्या एक, जिला प्यूठान की रहने वाली है। अपना नाम गोमा गिरि उर्फ सुनीता गिरि पत्नी होता गिरि बताया है।
उसने बताया कि नेपाल में किसी ने उसे चरस बनबसा तक पहुंचाने को दी थी। बनबसा बसअड्डे पर कोई अन्य व्यक्ति उससे चरस लेने वाला था। एसएसबी के कमांडेंट केसी राना ने बताया कि एसएसबी के पास नेपाल से चरस की तस्करी के संबंध में पहले से ही सूचनाएं हैं। पूछताछ के बाद महिला को पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
दो माह में 20 किलो से अधिक चरस पकड़ी
अगस्त और सितंबर के बीच एसएसबी ने अब तक 20 किलो से अधिक चरस पकड़ने में सफलता हासिल की है। इससे पूर्व 29 अगस्त से 31 अगस्त के बीच में तीन वारदातों में तीन महिलाओं और एक युवक के कब्जे से 13.620 किलोग्राम चरस बरामद की थी। दो भारतीय व्यक्तियों से 22 सितंबर को 2.050 किलो चरस पकड़ी गई थी।