उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में नौकरी के नाम पर बहकाने वाला शातिर ठग पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। यूरोप में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के वाले इस आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया।
जहां इस युवक को न्यायालय ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लाखों रुपए ऐंठे
टिहरी, देहरादून और दिल्ली के 14 युवाओं को यूरोप के साईप्रस में नौकरी दिलाने के नाम पर सौड़ गांव निवासी दर्मियान सिंह नेगी ने लाखों रुपए ऐंठे थे। जब मामला थाना चंबा पहुंचा तो युवकों और दर्मियान सिंह के बीच 10 दिन में धनराशि वापस करने में सहमति बनी थी, लेकिन ऐसा न होने पर युवकों ने थाने में मामला दर्ज कराया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है। चंबा थानाध्यक्ष पंकज देवरानी ने बताया कि युवक को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। मामले की जांच भी शुरू की गई है।
अब बैंक खाता खोलेगा राज
14 युवकों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले दर्मियान सिंह ने पुलिस को एक खाता नंबर दिया है, जिसमें वह पैसा जमा होने की बात कह रहा है। खाता नंबर किसका है और पैसा उसमें जमा किया गया है, कि नहीं। यह सब जानने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बड़ा रैकेट होने की संभावना
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ित युवकों की मानें तो 50 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की गई है। वहीं आरोपी दर्मियान सिंह पैसे दूसरें के खाते में जमा करने की बात कह रहा है। ऐसे में इसके पीछे एक बड़े रैकेट होने की आशंकाओं को बल मिलता दिख रहा है।