काशीपुर रोड पर शिवलालपुर में स्थित कृष्णा गार्डन बारातघर में बृहस्पतिवार रात एक शादी समारोह में खुशी में की गई फायरिंग में दो लोग पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस को बारातघर में सीसीटीवी कैमरे खराब मिले।
सीओ लोकजीत सिंह ने बताया कि बारातघर स्वामी और डीजे वाले का 10-10 हजार रुपये का चालान किया गया है। सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं होने पर बारातघर का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी से की जाएगी। हर्ष फायरिंग मामले में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 286, 337, 338 आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने इस मामले में स्वयं संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात बारात जैसे ही कृष्णा गार्डन में पहुंची, किसी ने खुशी में फायरिंग कर दी। डीजे के बगल में खड़े ढिकुली निवासी रोहित और फॉरेस्ट कंपाउंड निवासी देवेंद्र रजवार पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत प्राइवेट अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र की हालत बिगड़ती देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। रोहित का उपचार जारी है।